उत्तराखंड के वरिष्ठ आईएएस सचिन कुर्वे बने चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी के चेयरपर्सन

Listen to this article
  • केंद्र सरकार ने पांच वर्ष के लिए दी नियुक्ति, स्वास्थ्य और उड्डयन विभाग में नए सचिव की तलाश तेज

देहरादून/नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे को चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है। अपॉइंटमेंट्स कमिटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें जॉइंट सेक्रेटरी स्तर के पद पर पांच वर्ष की अवधि के लिए नियुक्ति दी गई है। IAS सचिन कुर्वे को उत्तराखंड में एक प्रभावशाली और परिणाम आधारित अधिकारी के रूप में जाना जाता है। चारधाम यात्रा जैसे चुनौतीपूर्ण दौर में उनकी प्रशासनिक क्षमता की लगातार सराहना होती रही है। वर्तमान में वे स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन जैसे संवेदनशील विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

डीओपीटी ने जारी किए नियुक्ति आदेश

केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सचिन कुर्वे की नियुक्ति पे लेवल-14 के तहत की गई है। उनकी तैनाती पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और यह कार्यकाल पांच वर्ष अथवा अगले आदेश तक लागू रहेगा।

सुनील पालीवाल का लेंगे स्थान

सचिन कुर्वे इस पद पर तमिलनाडु कैडर के आईएएस अधिकारी सुनील पालीवाल का स्थान लेंगे। चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी देश के प्रमुख समुद्री बंदरगाहों में शामिल है और इसका चेयरपर्सन पद केंद्र सरकार में काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।

उत्तराखंड में संभाल चुके हैं कई अहम जिम्मेदारियां

सचिन कुर्वे उत्तराखंड शासन में लंबे समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे स्वास्थ्य विभाग और नागरिक उड्डयन जैसे अहम विभागों का कार्यभार देख रहे हैं। उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए लंबे समय से उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की चर्चाएं चल रही थीं।

शांत कार्यशैली और तेज फैसलों के लिए पहचान

प्रशासनिक गलियारों में सचिन कुर्वे की पहचान एक ऐसे अधिकारी के रूप में रही है जो कम बोलकर ज्यादा काम करने में विश्वास रखते हैं। योजनाओं की मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट और संकट की परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की उनकी शैली ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है। अब उनकी नियुक्ति को उत्तराखंड कैडर के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

More From Author

उत्तराखंड : मुख्यमंत्री धामी ने विकास योजनाओं के लिए ₹1096 करोड़ की भारी-भरकम राशि को दी मंजूरी

मोलेखाल बाजार सल्ट में पार्किंग निर्माण को मिली सैद्धांतिक मंजूरी, ₹591.16 लाख का प्रस्ताव आगे बढ़ा, सचिव डॉ. आर राजेश कुमार सख्त, कहा – मुख्यमंत्री घोषणाओं में देरी बर्दाश्त नहीं, एक सप्ताह में मांगी लंबित पत्रावलियां

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031