राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में दिनदहाड़े हुए तिहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। घर में बुजुर्ग दंपती के.एस. कपूर, उनकी पत्नी रजनी कपूर और घरेलू सहायिका तिलिया देवी की हत्या कर दी गई। वारदात दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बदमाश लूट के इरादे से घर में दाखिल हुए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोभाल के मुताबिक, तीनों की हत्या पेचकस और धारदार हथियार से की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
वहीं, मृतका घरेलू सहायिका तिलिया देवी की रिश्तेदार सुनीता ने बताया कि उनकी देवरानी पास में ही काम कर रही थी। घर से चीखने की आवाज सुनकर वह मदद के लिए पहुंची, जहां हमलावर ने उस पर भी पेचकस और चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही वारदात के पीछे की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।



