देहरादून/बाजपुर: उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ ही खेतों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री धामी शुक्रवार को हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें बाजपुर क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का तत्काल जायजा लिया जा सके।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हेलीकॉप्टर से ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद बाजपुर में उतरकर प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने फसलों को हुए नुकसान और किसानों की कठिनाइयों की जानकारी लेते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
फसलों के नुकसान का शीघ्र आकलन करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। नुकसान के आकलन से लेकर राहत संबंधी कार्रवाई तक सभी प्रक्रियाएं तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पूरी की जाएं।
किसानों को हरसंभव सहायता का आश्वासन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



