पिथौरागढ़ : थल-डीडीहाट रोड पर दो भालुओं की जबरदस्त भिड़ंत, वायरल वीडियो से दहशत में लोग

Listen to this article

पिथौरागढ़ : सीमांत जिला मुख्यालय में थल-डीडीहाट मोटर मार्ग पर दो भालुओं की आपसी भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना 5 मई 2026 की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर आमने-सामने आए दोनों भालू काफी देर तक एक-दूसरे से गुत्थम-गुत्था करते रहे। खास बात यह रही कि कार की तेज हेडलाइट पड़ने के बावजूद भालू वहां से नहीं हटे और लगातार लड़ते रहे।

घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे एक वाहन चालक को सुनसान इलाके में अपनी कार रोकनी पड़ी। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों भालुओं के बीच काफी देर तक संघर्ष चलता रहा, जिसके बाद एक भालू लड़ाई छोड़कर सड़क किनारे जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद भिड़ंत खत्म हो गई।

बताया जा रहा है कि यह घटना थल-डीडीहाट रोड पर लामाघर क्षेत्र के आसपास की है। इलाके में भालुओं की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से देर शाम तक दोपहिया वाहन और अन्य यात्री गुजरते हैं। आसपास के गांवों के लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही भी इसी सड़क से होती है, ऐसे में जंगली जानवरों की सक्रियता लोगों के लिए खतरा बन सकती है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। डीएफओ आशुतोष सिंह ने बताया कि जिस क्षेत्र में भालू दिखाई दिए हैं वहां वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही लोगों से रात के समय सतर्क रहने और अकेले सुनसान रास्तों से गुजरने से बचने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

More From Author

एमडीडीए का बड़ा एक्शन, अवैध निर्माणों पर चला सीलिंग अभियान; एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का सख्त संदेश – बिना अनुमति निर्माण पर जीरो टॉलरेंस

भाकियू रोड गुट को बड़ा झटका, जिला अध्यक्ष मोहम्मद नाजिम अली ने दिया इस्तीफा

July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031